राजधानी रायपुर में अपराधियों ने तांडव मचा रखा है। बदमाश कानून व्यवस्था को अंगूठा दिखाते हुए वारदात दर वारदात अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला विधानसभा क्षेत्र के आमासिवनी इलाके से सामने आया है। जहां शराब दुकान के बाहर विवाद के बाद एक युवक की चाकू मार कर हत्या कर दी गई। जिसके बाद मृतक रोहित के दोस्तों ने आरोपी को घर से किडनैप कर लिया और उसे भी मौत के घाट उतार दिया। जानकारी के मुताबिक दोनों पक्षों में शराबखोरी के दौरान विवाद की शुरुआत हुई। जिसके बाद एक पक्ष ने युवक पर चाकू से हमला कर दिया। हत्या की वारदात वहां मौजूद CCTV कैमरे में कैद हो गई। इस मामले में पुलिस ने 11 आरोपियों को हिरासत में लिया है। वारदात को लेकर कांग्रेस ने प्रदेश में कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा है कि लगातार प्रदेश में ऐसी घटनाएं घटित हो रही हैं, और अनुभवहीन मंत्री कानून व्यवस्था संभालने में नाकाम हैं।

