राजधानी में डबल मर्डर, 3 माह में 15 मर्डर

राजधानी रायपुर के धनेली इलाके में डबल मर्डर की वारदात सामने आई है। पिछले तीन महीने में राजधानी और आसपास के इलाकों में 15 मर्डर हो चुके हैं।

DOUBLE MURDER: राजधानी रायपुर के धनेली में एक महिला और उसकी नाबालिग बेटी की हत्या की वारदात से सनसनी फैल गई है। नाबालिग का शव खमतराई इलाके में एक नाला से बरामद किया गया। अगले दिन मां का शव घर में मिला। महिला के शरीर पर चोट के निशान भी पाए गए हैं। नाबालिग का शव घर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर नाली में फेंका गया था। मृतका हमीदा बेगम धनेली रोड के पास बेटी के साथ रहती थी। वह मजदूरी का काम करती थी। जानकारी के मुताबिक हमीदा की बेटी 31 दिसंबर को पड़ोस में फोन चार्ज में लगा कर कुछ देर में आने का हवाला देकर निकली थी। अगले दिन उसका शव बरामद किया गया था। गुरुवार को हमीदा का एक रिश्तेदार उससे मिलने घर पहुंचा तो, उसने हमीदा का शव देख कर पुलिस को जानकारी दी।

 

खून से लथपथ हुई राजधानी: पिछले तीन महीने में राजधानी और आसपास के इलाकों में 15 मर्डर हो चुके हैं। 26 अक्टूबर को डीडी नगर में एक महिला को लाठी-डंडे से पीट कर मौत के घाट उतार दिया गया। तिल्दा के सरोरा में मनीष यादव की हत्या कर दी गई। 30 अक्टूबर को खम्हारडीह में एक शख्स की हत्या हुई। 31 अक्टूबर को भाटागांव में जुए के विवाद में डबल मर्डर की वारदात सामने आई। 1 नवंबर को तिल्दा में एक युवक की चाकू मार कर हत्या कर दी गई, तो अवंति विहार में एक बुजुर्ग और खमतराई में भी हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया। 18 नवंबर को विधानसभा इलाके में गैंगवार में डबल मर्डर की वारदात सामने आई थी। 30 दिसंबर को चंगोराभाठा में दो लोगों की हत्या हो गई। नए साल के पहले दिन एक शख्स की हत्या के साथ ही अब ये डबल मर्डर की वारदात दर्ज की गई है।

ये भी पढ़ें:

युवती ने इंस्टाग्राम पर LIVE आकर की खुदकुशी