उत्तर प्रदेश में उपचुनाव से ठीक पहले वोटिंग में बुर्का पहनकर मतदान केंद्र जाने वाली मुस्लिम महिलाओं की चेकिंग पर सियासी घमासान छिड़ गया है। इस संबंध में समाजवादी पार्टी ने चुनाव आयोग को चिट्ठी लिखी है। जिसमें मुस्लिम महिलाओं का बुर्का हटाकर चेकिंग नहीं करने की मांग की है। सपा ने कहा है कि मुस्लिम महिलाएं बुर्का हटाए जाने को लेकर डरी हुई हैं। बीते लोकसभा चुनाव में उनको चेकिंग के नाम पर भयभीत किया गया था। ऐसे में वोट डाले बगैर ज्यादातर महिलाएं वापस चली गईं। सपा ने कहा है कि मुस्लिम महिलाएं बुर्का में मतदान केंद्र पहुंचती हैं, तो पुलिस या अन्य सुरक्षा बलों को हस्तक्षेप करने का अधिकार नहीं होना चाहिए। ऐसी महिलाएं पहचान साबित करने के लिए अन्य तरीकों का इस्तेमाल कर सकती हैं। सपा की इस मांग पर बीजेपी ने ऐतराज जाहिर किया है। बीजेपी ने कहा है कि सपा को संभावित हार दिख रही, इसलिए कारण गिनना शुरू कर दिया है। यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा है कि निर्वाचन नियमावली का पालन होगा।

