अमेरिकी राजदूत ने की बस्तर सामाजिक जन विकास समिति की सराहना

अमेरिकी राजदूत एरिक गार्सेटी का परियोजना संगवारी ने मन मोहा। ये परियोजना बस्तर के पांच ब्लॉक के बस्तर, तोकापाल, दरभा, बकावंड और जगदलपुर में संचालित है।

खबरों में बस्तर की संस्कृति, संस्कार और सरोकार का जिक्र कम और लाल आतंक का ज्यादा रहता है। हालांकि तस्वीर इससे जुदा है। समाज सेवा के क्षेत्र में अलख जगाने वाले बस्तर की माटी से जुड़े लोग बस्तर का काया कल्प करने में जुटे हैं। इसकी एक झलक ने अमेरिकी राजदूत एरिक गार्सेटी का मन मोह लिया। दरअसल गार्सेटी को राजधानी रायपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में बस्तर जन विकास समिति के कार्यों की जानकारी मिली। उनको परियोजना संगवारी के बारे में बताया गया। संस्था के सचिव सुशील पांडेय ने बस्तर, तोकापाल, दरभा, बकावंड और जगदलपुर में ब्लॉक में संचालित इस परियोजना के संबंध में उनको विस्तार से जानकारी दी। संगवारी परियोजना के तहत 41 गांवों में आदिवासी महिलाएं प्राथमिक स्वास्थ्य उपचार सेवा प्रदान कर रही हैं।

 

संगवारी गीता भारती ने अमेरिकी एंबेसडर एरिक गार्सेटी से हर पहलू को साझा किया। उन्होंने बताया कि आदिवासी महिलाएं आजीविका निर्वहन के साथ-साथ बस्तर में स्वास्थ्य सेवा मुहैया करा रही हैं। ये महिलाएं फ़ील्ड स्तरीय परीक्षण की प्रक्रिया और टेली परामर्श की घर पहुंच सेवा भी उपलब्ध करा रही हैं। संगवारी गीता ने एंबेसडर की BP और पल्स की जांच भी की। एरिक गार्सेटी ने परियोजना और बस्तर जन विकास समिति के कार्यों की भरपूर सराहना की। उन्होंने टेली परामर्श सेवाओं को AI एप्लीकेशन से जोड़े जाने का सुझाव दिया। इस दौरान USA के TB एंड इन्फेक्शन डिवीजन के प्रमुख डॉक्टर अमर शाह ने परियोजना को नई बुलंदियों तक पहुंचाने का भरोसा दिलाया।

ये भी पढ़ें:

मुर्दा हो गया जिंदा: गड्ढे में वाहन को लगा झटका तो लौट गई सांस