अकाली दल प्रमुख सुखबीर बादल को सजा, स्वर्ण मंदिर में करेंगे सफाई

• राम रहीम को माफी और बेअदबी मामले में अकाल तख्त ने सुखबीर बादल को सुनाई सजा, गोल्डन टेंपल में वॉशरूम के साथ ही साफ करेंगे जूठे बर्तन। कार्य समिति को तीन दिनों में सुखबीर बादल का इस्तीफा स्वीकार करने के निर्देश।

अकाल तख्त साहिब ने अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल को सजा सुनाई है। सुखबीर बादल को गले में तख्ती पहननी होगी, लंगर में सेवा के साथ ही दरबार साहिब के बाहर गेट पर पहरा भी देना होगा। दरअसल अकाल तख्त साहिब ने कार्रवाई करते हुए राम रहीम को सिख पंथ से निष्कासित किया था। जिसके बाद सुखबीर सिंह बादल ने प्रभाव का इस्तेमाल कर राम रहीम को माफी दिला दी थी। इस मसले पर अकाल तख्त में पांच सिंह साहिबानों की बैठक हुई। जिसमें उन्हें और अकाली दल सरकार के कैबिनेट सदस्यों को सजा सुनाई गई। दो महीने पहले सुखबीर सिंह बादल को अकाल तख्त ने तनखैया घोषित कर दिया था। सुखबीर सिंह बादल स्वर्ण मंदिर में रोजाना बाथरूम की सफाई करेंगे। वह लंगर हॉल में जाकर बर्तन भी धोएंगे। जिसके बाद शबद कीर्तन करेंगे। इस दौरान उनके गले में तख्ती मौजूद रहेगी। वहीं सिरसा डेरा को माफी देने के वक्त प्रकाश सिंह बादल सीएम थे, ऐसे में उनसे फखर ए कौम का सम्मान वापिस ले लिया गया है। अकाल तख्त के जत्थेदार ज्ञानी रघुबीर सिंह ने शिरोमणि अकाली दल की कार्य समिति को तीन दिनों के भीतर सुखबीर बादल का इस्तीफा स्वीकार करने का निर्देश दिया है।

  • हम श्री अकाल तख्त साहिब के आदेशों का पालन करेंगे। जो सजा सुनाई गई है उसे सिर झुकाकर मानेंगे। ये हमारा कर्तव्य है, हर सिख को श्री अकाल तख्त साहिब के आदेशों को मानना है। :  परमिंदर सिंह ढींढसा , पूर्व मंत्री

ये भी पढ़ें: महाकाल के दरबार में एक्टर सोनू सूद ने शीश नवाया