ED action: मध्य प्रदेश में कांग्रेस नेताओं की मुश्किलें खत्म नहीं हो रही हैं। इंदौर शहर के कार्यकारी अध्यक्ष विशाल गोलू अग्निहोत्री पर ED की कार्रवाई की गाज गिरी है। विशाल गोलू को ED ने रविवार को ही दुबई से वापसी के बाद दिल्ली एयरपोर्ट पर हिरासत में ले लिया था। जिसके बाद गोलू के ठिकाने पर दबिश दी गई। खबरों के मुताबिक शुरुआती दौर में करीब डेढ़ करोड़ रुपए नगद बरामद करने के साथ ही कुछ अहम दस्तावेज जब्त किए गए हैं। बताया जा रहा है कि अब तक की जांच में ऑनलाइन डब्बा कारोबार संचालित करने की बात सामने आई है। इसके साथ ही गोलू के करीबियों के नाम शेल कंपनी बनाए जाने का भी खुलासा हुआ है। जिसका इस्तेमाल दुबई में संपत्ति खरीदने के लिए किए जाने की जानकारी जांच एजेंसी के हाथ लगी है। कमलनाथ के करीबी माने जाने वाले विशाल अग्निहोत्री इंदौर नगर निगम में पार्षद भी रहे हैं। साल 2018 के चुनाव में इंदौर विधानसभा क्षेत्र-एक से उन्हें कांग्रेस का टिकट मिला था, लेकिन बाद में पार्टी ने संजय शुक्ला को फॉर्म-बी जारी कर दिया था।


पिछले दिनों उज्जैन में पुलिस ने क्रिकेट सट्टा के खिलाफ कार्रवाई की थी। जिसमें 14 करोड़ 58 लाख रुपए नगद के साथ अंतरराष्ट्रीय सिम कार्ड बरामद किए गए थे। इस मामले का मुख्य आरोपी पीयूष चोपड़ा था। जिसके पास से 500 रुपए के नोटों की 3000 गड्डियां, 7 किलो चांदी, और 7 देशों की मुद्राएं जब्त की गई थी। ताजा कार्रवाई के तार इस मामले से जुड़ बताए जा रहे हैं।

ये भी पढ़ें: गोविंदगढ़ में रहस्यमयी रोशनी से दहशत, पुलिस रहस्य तलाशने में नाकाम

