दामिनी सुसाइड केस: विधायक पुत्र पुष्पराज गिरफ्तार, सगाई तोड़ने और धमकियों का आरोप

दामिनी ठाकुर की आत्महत्या मामले में कांग्रेस विधायक सेना पटेल के बेटे पुष्पराज की गिरफ्तारी, मंगेतर को धमकाकर सगाई तोड़ने का आरोप

दामिनी सुसाइड केस अलीराजपुर में दामिनी की खुदकुशी के मामले में कांग्रेस विधायक सेना पटेल के बेटे पुष्पराज को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपों के मुताबिक उसने दामिनी को परेशान कर रखा था, जिससे तंग आकर युवती ने खुदकुशी कर ली। पुष्पराज को गुजरात के जामनगर से पकड़ा गया है। हालांकि दामिनी और पुष्पराज एक ही स्कूल में पढ़ते थे और दोनों के बीच दोस्ती भी थी।

आरोपों के मुताबिक पुष्पराज युवती की शादी में बाधा बन रहा था। वह युवती के मंगेतर को धमकी दे रहा था। जिसके चलते दामिनी की सगाई दो बार टूट चुकी थी। पीड़ित परिवार के मुताबिक साल 2019 में दामिनी की सगाई वडोदरा में हुई थी। आरोपी ने युवती के मंगेतर को धमकी दी और उस पर हमला कराया। जिसके बाद सगाई टूट गई। पांच साल बाद दोबारा वडोदरा में दामिनी की सगाई हुई।

आरोपी पुष्पराज ने दामिनी के मंगेतर को धमकी दी और सगाई तोड़ने के लिए कहा। जिसके बाद दामिनी ने 13 सितंबर को घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। इधर पुष्पराज के पिता इन आरोपों को सिरे से खारिज कर रहे हैं। उनका दावा है कि दामिनी और पुष्पराज के बीच किसी तरह का अफेयर नहीं था। सवाल ये है कि आखिर सुसाइड का सच क्या है?  दामिनी क्यों जान देने पर मजबूर हो गई? पुष्पराज पर लगाए गए आरोप कितने सही हैं ?