कांकेर में IED ब्लास्ट, BSF का एक जवान घायल.. केंद्रीय मंत्री अमित शाह के बस्तर दौरे के बीच ब्लास्ट की घटना

IED  Blast in kanker: छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक जंग लड़ी जा रही है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बस्तर दौरे पर हैं। इस दौरान कांकेर से IED ब्लास्ट का एक मामला सामने आया है। ब्लास्ट की चपेट में आकर BSF का एक जवान घायल भी हो गया है। घायल जवान बी ईश्वर राव को प्रारंभिक उपचार के बाद इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अफसर के मुताबिक एंटी नक्सल ऑपरेशन में सुरक्षाबल के जवान कोयलीबेड़ा इलाके में सर्चिंग के लिए निकले थे। इस दौरान हेतरकासा गांव की सड़क पर BSF की टीम ने IED को खोज निकाला। IED डिफ्यूज करने के दौरान ब्लास्ट की घटना में जवान जख्मी हो गया।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बस्तर दौरे पर हैं। उन्होंने छत्तीसगढ़ पहुंचने के साथ ही नक्सलवाद के समूल खात्मे का अपना वादा दोहराया है। शाह बस्तर ओलंपिक के समापन कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके साथ ही सरेंडर करने वाले नक्सलियों से बातचीत भी करेंगे। अमित शाह के साल 2026 तक नक्सलवाद के खात्मे के ऐलान के साथ ही जवानों की आक्रामकता ने नक्सलगढ़ में नक्सलियों को बैकफुट पर ला दिया है। छत्तीसगढ़ में इस साल अब तक 217 नक्सली मारे जा चुके हैं।

ये भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ में शाह की हुंकार, 31 मार्च 2026 नक्सलवाद का खात्मा, नक्सलियों से मुख्यधारा में वापसी की अपील