बैंकॉक में 13 हजार फीट की ऊंचाई पर आसमान में लहराया महाकुंभ का ध्वज

प्रयागराज की अनामिका ने दुनिया का ध्यान महाकुंभ की ओर खींचा है। उन्होंने दिव्य-भव्य महाकुंभ का पताका लहराते हुए 13 हजार फीट की ऊंचाई से छलांग लगाई।

प्रयागराज महाकुंभ 2025: प्रयागराज की अनामिका शर्मा ने एक बार फिर दुनियाभर में सनातन की परंपरा और संस्कृति का मान बढ़ाया है। उन्होंने बैंकॉक में दिव्य-भव्य महाकुंभ का पताका लहराते हुए 13 हजार फीट की ऊंचाई से छलांग लगाई। अनामिका भारत की सबसे कम उम्र की लाइसेंस ‘C’ स्काई डाइवर हैं। दिव्य कुंभ-भव्य कुंभ का आधिकारिक झंडा लहराते हुए अनामिका आसमान में करीब 5 मिनट तक गोते लगाती रहीं। 13 हजार फीट से छलांग लगा कर अनामिका ने दुनियाभर के लोगों को कुंभ में शामिल होने का न्योता दिया।

राम मंदिर के लिए भी की थी स्काई डाइविंग: इससे पहले भी अनामिका राम मंदिर के भव्य उद्घाटन के मौके पर ‘श्रीराम मंदिर’ के ध्वज के साथ 13 हजार फीट की ऊंचाई से छलांग लगा चुकी हैं। भारत में सुविधाओं की कमी के कारण यह छलांग भी उन्होंने बैंकॉक में ही लगाई थी। उन्हें अपने अभ्यास के लिए रूस, दुबई या बैंकॉक जाना पड़ता है।

क्या कह रही हैं अनामिका: मैं तो गर्व से कहती हूं कि मैं भारत की बेटी हूं। महाकुंभ-2025 विश्व का सबसे बड़ा मानव कल्याण का आयोजन है। सर्वे भवंतु सुखिन, सर्वे संतु निरामया की धुन यहां के कण- कण में व्याप्त है। मानव जीवन के विविध रंगों का साक्षात्कार कुंभ में हो जाता है।

ये भी पढ़ें:

बस्तर पहुंचा देवी लक्ष्मी का वाहन श्वेत उलूक, दुर्लभ बर्न आउल वन विभाग को सौंपा गया